मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 27 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है, जिसमे ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शाहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पंधुरना, नरसिंहपुर और जबलपुर शामिल है। पिछले दो दिनों में कई जिलों में हुई बारिश से किसानों को नुकसान पहुंचा है।
बालाघाट में भारी क्षति
बालाघाट जिले में रविवार को तेज बारिश और आंधी ने रैक पॉइंट पर रखी 10 हजार बोरी गेहूं को पूरी तरह भीगा दिया। तेज हवाओं से सीमेंट शीट गिरने से तीन लोग घायल हो गए। बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
मंदसौर का अनोखा इंतजाम
मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर में भीषण गर्मी (38.5 डिग्री तापमान) को देखते हुए गर्भगृह में कूलर लगाया गया है। भक्तों ने भगवान पशुपतिनाथ की मूर्ति को ठंडक पहुंचाने के लिए यह व्यवस्था की है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में बालाघाट, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, भिंड, मुरैना समेत कई जिलों में आंधी-बारिश जारी रह सकती है। किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।