सोमवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं के भावों में भारी नरमी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों में सैकड़ों रुपये की गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों के बीच चिंता बढ़ गई है।
MCX पर सोने का जून अनुबंध 320 रुपये की कमजोरी के साथ 1,51,032 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में यह 202 रुपये नीचे 1,51,150 रुपये के स्तर पर खुला था। इसी तरह चांदी का जुलाई अनुबंध 352 रुपये टूटकर 2,50,585 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। शुरुआत में यह 238 रुपये की गिरावट के साथ 2,50,699 रुपये पर खुला था।
इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था, जबकि चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंची थी। मौजूदा भाव इन ऊंचाइयों से काफी नीचे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मंदी का रुख बना रहा। COMEX पर सोने का भाव 29.70 डॉलर गिरकर 4,614.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 0.40 डॉलर की नरमी के साथ 76.03 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी।