नवलखा इलाके के तीन इमली क्षेत्र में सोमवार सुबह पांच निजी बसों में आग लग गई। आग की लपटें आसमान को चीरती हुई करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान चार जोरदार धमाके हुए, जो गैस सिलेंडर फटने जैसे लग रहे थे। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक बस में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान बस में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में यह आस-पास खड़ी चार अन्य बसों तक फैल गई। हादसे के समय वहां 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों और चालकों ने तुरंत हटाकर बड़े नुकसान से बचाया।
पार्षद का धरना
स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, “रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत का काम लंबे समय से चल रहा है। हमने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे हमेशा बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है। जब तक बसों को यहां से हटाया नहीं जाता और स्थायी समाधान नहीं निकलता, मैं धरने पर बैठा रहूंगा।”