सोमनाथ मंदिर में PM मोदी करेंगे शिखर कुंभाभिषेक, सूर्यकिरण टीम का एयरशो भी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर पहुंचे। वे यहां पहली बार मंदिर के शिखर का कुंभाभिषेक करेंगे। मंदिर के इतिहास में इस आयोजन को विशेष और ऐतिहासिक माना जा रहा है।

कुंभाभिषेक कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम विशेष एयरशो करेगी। सोमनाथ के आसमान में फाइटर जेट्स हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। इसके लिए वायुसेना ने पहले से रिहर्सल भी की थी। 

प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं। वे ट्रस्टी के रूप में मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। मंदिर कॉरिडोर, तीर्थ यात्री सुविधाएं और सौंदर्यीकरण के प्रोजेक्ट्स पर चर्चा होगी। PM के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। SPG, गुजरात पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। 

सोमनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला है। इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बहुत बड़ा है। कुंभाभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगा। मंदिर परिसर को फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। 

सूत्रों के मुताबिक, कुंभाभिषेक के बाद प्रधानमंत्री मोदी श्रद्धालुओं और संत समाज को संबोधित भी कर सकते हैं। मंदिर ट्रस्ट ने देशभर से साधु-संतों और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया है।