भोपाल: करोंद में जनरेटर से लगी आग

करोंद इलाके में पीपुल्स हॉस्पिटल के सामने स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक भवन के प्रथम तल पर बुधवार को आग लग गई। आग की शुरुआत क्रोमा इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के जनरेटर से हुई, जिसमें शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।

इस दौरान जनरेटर के आसपास रखे एयर कंडीशनर और अन्य फर्नीचर जलकर राख हो गए। भवन में KFC का आउटलेट भी है, लेकिन आग ने इसे नुकसान नहीं पहुंचाया। आग पर 20 मिनट के अंदर काबू पा लिया गया।

नगर निगम के फायर प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि क्रोमा शोरूम के पास रखे जनरेटर में आग भड़की, जिससे आसपास के कई एसी भी जल गए। आग लगने की सूचना मिलते ही पीपुल्स हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड और नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंच गई। दोनों टीमों के प्रयास से आग को फैलने से रोका गया।

कोई जनहानि नहीं 

आग लगने के समय भवन में भीड़ नहीं थी, जिस वजह से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, संपत्ति को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है। प्रशासन अब नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग दुकानों और घरों से बाहर निकल आए। ऊंची लपटें और घना काला धुआं देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। निशातपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।