भोपाल: रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कुचला गया युवक, मां ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप

रचना नगर अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौतम नगर जनता क्वार्टर निवासी अशोक बामने के रूप में हुई है। घटना गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की मां कृष्णा बामने ने पड़ोसी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात अशोक नशे की हालत में था और एक लड़की को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। परिवार का आरोप है कि विवाद के बाद पड़ोसी अपने चारों बेटों के साथ घर में घुस आया और लाठियों-डंडों से जमकर मारपीट की। इसके बाद अशोक को जबरन रेलवे ट्रैक पर ले जाकर ट्रेन के सामने धक्का दे दिया गया।

परिजनों ने बताया कि सुबह पुलिस की सूचना मिलने के बाद उन्हें अशोक की मौत का पता चला। अशोक अविवाहित था और मजदूरी करके अपना गुजारा करता था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।