केरल विधानसभा चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर चला सस्पेंस अंततः समाप्त हो गया। कांग्रेस ने गुरुवार को वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना।
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं मुकुल वासनिक, दीपा दासमुंशी और अजय माकन ने इस फैसले की आधिकारिक घोषणा की।
सतीशन और कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के बीच इस पद के लिए कड़ी टक्कर थी। करीब 10 दिनों तक चली चर्चाओं और यूडीएफ सहयोगी दलों से विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस आलाकमान ने सतीशन के नाम पर अंतिम मुहर लगाई। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) समेत कई सहयोगी दलों ने खुलकर सतीशन का समर्थन किया था।
2026 चुनाव की जीत के चेहरा बनकर उभरे सतीशनवीडी सतीशन को कांग्रेस की सत्ता वापसी का प्रमुख चेहरा माना जा रहा था। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया। विपक्ष के नेता के रूप में पिछले पांच वर्षों में उन्होंने जन मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक सरकार को लगातार घेरा।