भोपाल: लक्ष्मी टॉकीज के पास फलों के ठेलों में लगी आग, विधायक आतिफ अकील ने लोगों के साथ बुझाई

पुराने शहर में लक्ष्मी टॉकीज स्थित सराए के पास शुक्रवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग फलों से भरे ठेलों में लगी थी, जिससे कई ठेले जलकर खाक हो गए।

सूचना मिलते ही उत्तर विधायक आतिफ अकील मौके पर पहुंचे। उनका घर भी इसी सराए में है। विधायक ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तुरंत आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।

आगजनी के दौरान ठेलों के टायर तेज आवाज के साथ फटने लगे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जलते ठेलों को बाहर निकाला। इस दौरान कुछ लोगों के हाथ भी झुलस गए। पास में खड़ी गाड़ियों को समय रहते हटाने से बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों और विधायक की सक्रियता से दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। आग में कई ठेले पूरी तरह जल गए, जिससे ठेला व्यवसायियों को नुकसान हुआ है।

विधायक आतिफ अकील ने कहा कि समय रहते सभी ने मिलकर काम किया, वरना आग आसपास की दुकानों और घरों तक फैल सकती थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। 

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी जलती चीज से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।