वडोदरा-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में 25 मिनट बिजली गुल

रविवार रात वडोदरा से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई-657 में अचानक बिजली चली जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विमान के अंदर करीब 25 मिनट तक अंधेरा छाया रहा और एयर कंडीशनिंग बंद होने से उमस भरा माहौल बन गया, जिससे कई यात्री घबरा गए और कुछ की तबीयत बिगड़ने लगी।

फ्लाइट वडोदरा एयरपोर्ट से रवाना होने की तैयारी में थी। रात करीब 8:50 बजे विमान की बिजली अचानक बंद हो गई। केबिन लाइट्स और एसी के बंद होते ही अंदर गर्मी बढ़ने लगी। अंधेरे में यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी सीटों से उठकर क्रू सदस्यों से जानकारी मांगने लगे। एयरलाइंस कर्मचारियों ने यात्रियों को शांत रहने की अपील की।

लगभग 25 मिनट बाद बिजली व्यवस्था बहाल हुई और स्थिति सामान्य हुई। एक यात्री ने इस दौरान मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि समस्या विमान की ग्राउंड पावर यूनिट (GPU) में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई। तकनीकी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर खराबी ठीक की और जरूरी जांच के बाद फ्लाइट को आगे बढ़ाने की अनुमति दी।