चीन के दक्षिणी गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में सोमवार तड़के आए तेज भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। रिक्टर पैमाने पर 5.2 तीव्रता वाले इस भूकंप में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
भूकंप के झटके सोमवार रात 12 बजकर 21 मिनट पर महसूस किए गए। इसका केंद्र लिउझोउ शहर के लिउनान जिले में स्थित ताइयांगचुन कस्बे के पास था। भूगर्भ वैज्ञानिकों के अनुसार, भूकंप की गहराई मात्र 8 किलोमीटर थी, जिस वजह से झटके बेहद तीव्र रहे।
प्रशासन के मुताबिक, भूकंप से कम से कम 13 इमारतें पूरी तरह ढह गईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय अधिकारियों ने एहतियात बरतते हुए 7,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राहत और बचाव टीमें मलबे हटाने तथा लापता व्यक्तियों की तलाश में लगी हुई हैं। चार घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस भूकंप का असर लिउझोउ तक सीमित नहीं रहा। गुआंग्शी के अन्य प्रमुख शहरों नाननिंग और गुइलिन में भी जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे स्थानीय लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा जांच के कारण कुछ ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हालांकि बिजली, पानी, गैस और संचार सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आगे संभावित झटकों के प्रति सचेत रहने की अपील की है।