बुधवार को भारतीय शेयर बाजार ने कमजोर शुरुआत की। सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 500 अंक गिरकर 74,681 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 150 अंकों से अधिक की गिरावट के साथ 23,464 पर आ गया।
बैंकिंग और आईटी क्षेत्रों में सबसे ज्यादा दबाव रहा। एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर नुकसान में रहे। आईटी सेक्टर में भी गिरावट देखी गई, हालांकि कुछ शेयरों में हल्की खरीदारी भी नजर आई।
वाहन क्षेत्र और वित्तीय सेवाओं में मुनाफावसूली के चलते दबाव बढ़ा। मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और टाटा स्टील जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। बीईएल के शेयरों में सबसे तेज गिरावट देखी गई।
वैश्विक संकेत नकारात्मक
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण एशियाई बाजारों पर दबाव पड़ा। जापान का निक्केई 225 करीब 1.29 प्रतिशत, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.93 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। अमेरिका में कल डाओ जोंस 0.65 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 0.67 प्रतिशत और नैस्डैक 0.84 प्रतिशत की गिरावट आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल हल्की गिरावट के साथ 111.01 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था।