वीर भूमि पर उमड़ी श्रद्धा की लहर, गांधी परिवार ने राजीव गांधी को किया नमन

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राजधानी दिल्ली स्थित उनकी समाधि स्थल वीर भूमि पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गुरुवार सुबह बड़े नेताओं ने वहां पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में शामिल राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने सुबह वीर भूमि पहुंचकर राजीव गांधी की समाधि पर श्रद्धासुमन चढ़ाए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी समाधि स्थल पर जाकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मुकुल वासनिक, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अजय कुमार लल्लू और पी. चिदंबरम सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सूचना क्रांति और पंचायती राज व्यवस्था के जनक भारत रत्न राजीव गांधी जी को उनके बलिदान दिवस पर कोटि-कोटि नमन। उन्होंने भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।”

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का निर्माता और युवाओं का आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और सूचना क्रांति की नींव रखने का श्रेय उन्हें ही जाता है।

केरल सरकार के मंत्री रमेश चेन्निथला ने भावुक संदेश देते हुए कहा, “राजीव गांधी जी का दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा कांग्रेस परिवार को प्रेरित करता रहेगा। वे मेरे नेता थे और आज जो कुछ भी मैं हूं, उनके मार्गदर्शन की बदौलत हूं। काश वे आज हमारे बीच होते।”