चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर 18 जून 2026 को वोटिंग होगी और उसी शाम मतगणना भी की जाएगी।
आयोग के मुताबिक, जिन 24 सदस्यों का कार्यकाल जून-जुलाई 2026 में पूरा हो रहा है, उनकी सीटें भरने के लिए यह उपचुनाव कराए जा रहे हैं। औपचारिक अधिसूचना 1 जून को जारी होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून रखी गई है।
मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। पूरी चुनावी प्रक्रिया 20 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
इन राज्यों में हो रहे हैं चुनाव:
- आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक (4-4 सीटें)
- राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम
इस चुनाव में कई दिग्गज नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और राजस्थान के राजेंद्र गहलोत समेत अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष बैंगनी स्केच पेन का ही उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य पेन से डाला गया वोट अमान्य माना जाएगा। साथ ही, विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।