स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भोपाल के गांधी नगर इलाके के डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी में छापेमारी कर अवैध नशीले कफ सिरप बनाने की बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 700 से ज्यादा पेटियां, बोतलें और उत्पादन मशीनें जब्त की गईं। पूरे सेटअप की अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ ने इस मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया है। छापेमारी गुरुवार रात करीब 12 बजे शुरू हुई और शुक्रवार सुबह 3 बजे तक चली। मकान के दो अलग-अलग कमरों में ‘आफ कफ’ नाम के नशीले कफ सिरप के तैयार कॉर्टन और बोतलें बरामद हुईं। एसटीएफ ने सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और आरोपियों के बयान के आधार पर आगे की छानबीन जारी है।
स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई सूचना
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से गांधी नगर क्षेत्र से नशीले कफ सिरप की अवैध सप्लाई होने की जानकारी मिल रही थी। इस संवेदनशील कार्रवाई की पूर्व सूचना स्थानीय गांधीनगर थाने की पुलिस को नहीं दी गई थी। छापेमारी के दौरान एसटीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
मकान मालिक फरार
जिस मकान में यह अवैध फैक्ट्री चल रही थी, वह मालवीय नाम के व्यक्ति के नाम पर बताया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक एसटीएफ टीम मकान मालिक से संपर्क नहीं कर पाई है। अब जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है कि सिरप किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल है।