पुणे में जहरीली शराब से 15 लोगों की मौत, 8 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे में अवैध जहरीली शराब पीने से पिछले 24 घंटों के अंदर 15 लोगों की मौत हो गई। ये घटनाएं हडपसर, फुगेवाड़ी, दापोडी और पिंपरी-चिंचवड़ सहित विभिन्न इलाकों में हुई हैं।

पुलिस और राज्य आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक अवैध शराब का कारोबारी भी शामिल है। प्रारंभिक जांच में शराब में मेथेनॉल मिलने की आशंका जताई गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंधित हाथभट्टी (देशी) शराब पीने से ये मौतें हुई हैं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व महापौर योगेश बहल ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने कहा है कि पांच मौतें अलग-अलग कारणों से हुई हैं। फिर भी कई मृतकों को मौत से पहले चक्कर आने और अन्य लक्षण दिखने की जानकारी सामने आई है, जिससे जहरीली शराब का संदेह मजबूत हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की रिपोर्ट का इंतजार है।