आईपीएल सट्टेबाजी में लाखों रुपये गंवाने के बाद एक युवक ने विष खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमन मकवाना (26) के रूप में हुई है, जो सराफा थाना क्षेत्र के नालिया बाखल इलाके का निवासी था।
पुलिस के अनुसार, अमन ने रविवार दोपहर अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उस समय घर पर उसकी छोटी बहन मौजूद थी। हालत बिगड़ने पर बहन ने मामा को सूचित किया, जिसके बाद युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में अमन ने लिखा कि वह आईपीएल सट्टे में करीब साढ़े चार लाख रुपये हार गया था। इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया। नोट में उसने अपनी मां और दोनों बहनों से माफी भी मांगी है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि अमन एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। कुछ समय पहले उसके पिता दिलीप मकवाना की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी। परिवार में मां और दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। घटना के समय उसकी मां तीर्थ यात्रा पर गई हुई थीं।