सोने-चांदी में जोरदार गिरावट, MCX पर भारी दबाव

सोमवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने व चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। चांदी ने शुरुआती उछाल के बाद जोरदार गिरावट दर्ज की, जबकि सोना कारोबार की शुरुआत से ही नरम रहा और दिनभर कमजोरी दिखाई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का अगस्त वायदा अनुबंध 1,750 रुपये की गिरावट के साथ 1,53,844 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। यह अनुबंध 1,417 रुपये की नरमी के साथ 1,54,177 रुपये पर खुला था, जबकि पिछले सत्र का बंद भाव 1,55,594 रुपये था। कारोबार के दौरान इसने 1,54,434 रुपये का उच्चतम और 1,53,802 रुपये का निम्नतम स्तर छुआ। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये का सर्वोच्च स्तर देखा था।

चांदी के जुलाई वायदा अनुबंध ने शुरुआत में जोरदार तेजी दिखाई और 2,464 रुपये की बढ़त के साथ 2,51,001 रुपये पर खुला था। लेकिन यह तेजी टिक नहीं पाई और बाद में यह 5,923 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 2,42,614 रुपये पर आ गया। दिन के दौरान चांदी का उच्चतम भाव 2,51,001 रुपये और न्यूनतम 2,41,990 रुपये रहा। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंची थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी नरमी

कॉमेक्स पर सोने की कीमतें 4,503 डॉलर प्रति औंस पर खुलीं और खबर लिखे जाने तक 27.60 डॉलर की गिरावट के साथ 4,337.70 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थीं। चांदी के वायदा भाव 67.84 डॉलर प्रति औंस पर खुले और 1.41 डॉलर की कमी के साथ 67.69 डॉलर प्रति औंस पर रहे।