निजी बैंक के लोन मैनेजर मुकेश सुथार (32) की कार के अंदर एसी चलाते हुए सोने के दौरान दम घुटने से मौत हो गई। परिजनों ने शीशा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस को कार से बीयर के कैन मिले हैं। प्राथमिक जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट हो सकेगा।
घटना जवाहर नगर थाना क्षेत्र के गगनपथ स्थित बिहानी चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल के पास आइसक्रीम पार्लर के बाहर मंगलवार (9 जून) रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।
मुकेश सुथार जिले के 42 एनपी रायसिंहनगर के रहने वाले थे। वे मीरा चौक स्थित एक निजी बैंक की शाखा में लोन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और करीब पांच साल पहले बैंक में नौकरी जॉइन की थी। उनकी शादी चार साल पहले हुई थी और एक बेटी है।
सोमवार से थे लापता
परिवार के अनुसार, मुकेश सोमवार (8 जून) सुबह घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं लौटे और उनका मोबाइल फोन बंद पड़ा था। परिजन लगातार तलाश कर रहे थे। मंगलवार रात सर्च के दौरान उनकी कार गगनपथ पर खड़ी मिली। कार के सभी दरवाजे बंद थे और मुकेश ड्राइवर सीट पर ही थे।
परिजनों ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। कार का एसी चालू था। परिवार का कहना है कि कार सीएनजी से चलती है और संभवतः मुकेश एसी चलाकर आराम कर रहे थे, जिसमें दम घुटने से मौत हो गई।
पुलिस जांच में शराब के कैन मिले
जवाहर नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर हेड कांस्टेबल हरदेव मौके पर पहुंचे। कार के अंदर से चार खाली और दो भरे हुए बीयर के कैन बरामद हुए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।