ग्वालियर: नहर वाली माता के भंडारे से लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 19 श्रद्धालु घायल

जखारा-बिलारा मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। ‘नहर वाली माता’ मंदिर में आयोजित भंडारे से प्रसाद ग्रहण कर घर लौट रहे एक गांव के श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें अधिकांश महिलाएं, युवतियां और बच्चे शामिल हैं।

पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, बिजौली क्षेत्र के टोरियन का पुरा गांव के जाटव परिवार के सदस्य पास के गांव में लगे बड़े भंडारे में शामिल होने गए थे। भंडारे के बाद रात में सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस लौट रहे थे। बिलारा गांव के पास अचानक ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण ट्रॉली संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली के नीचे कई लोग दब गए, जिससे चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने किया त्वरित रेस्क्यू

सूचना मिलते ही बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉली के नीचे से निकाला और उन्हें 108 एम्बुलेंस व पुलिस वाहनों से ग्वालियर के जिला अस्पताल एवं जेएएच ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चार घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद बेहट एसडीओपी मनीष यादव और मुरार थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने डॉक्टरों से घायलों के बेहतर इलाज के संबंध में चर्चा की। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

एसडीओपी मनीष यादव ने दी जानकारी

एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि हादसे में 19 श्रद्धालु घायल हुए हैं। पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को समय पर अस्पताल पहुंचाया। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के चलते दुर्घटना हुई है। मामले में चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जांच चल रही है।

घायलों में टोरियन का पुरा के राजाबेटी, रामबेटी, प्रीति, रामश्री, कृष्णा, रेखा, अनार देवी, मंजेश, काजल, प्रियांशी, कृतिका, अनुष्का, राजू, अमन, कार्तिक, देव, कपिल, रामगोपाल और दिव्यम शामिल हैं।