देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी इंदौर पहुंचीं। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
राष्ट्रपति का यह पांच दिवसीय आधिकारिक दौरा मध्यप्रदेश में शुरू हो गया है। एयरपोर्ट पहुंचने के तुरंत बाद वे सीधे ओंकारेश्वर रवाना हो गईं, जहां वे भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन व पूजन करेंगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए इंदौर और ओंकारेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों को अस्थायी रूप से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। 17 से 19 जून तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
ओंकारेश्वर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग पार्किंग और बस व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें।
मुख्यमंत्री का निरीक्षण
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर पहुंचने पर वीर हनुमान मंदिर परिसर में स्थित ऐतिहासिक बावड़ी का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम:
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा 18 से 22 जून तक चलेगा। 19 जून को वे अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे ग्वालियर और श्योपुर में विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
भारी वाहनों के लिए बदले रूट
राष्ट्रपति के दौरे के कारण इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों का रूट बदल दिया गया है।
- इंदौर से खंडवा जाने वाले भारी वाहन तेजाजी नगर-महू-मानपुर-धामनोद-खरगोन-भीकनगांव-देशगांव होते हुए खंडवा पहुंचेंगे।
- सिमरोल, बड़वाह और अन्य दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।