तेजप्रताप पर जबरन घर घुसने का आरोप, अनुष्का के भाई ने FIR कराई

अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। आकाश का आरोप है कि तेजप्रताप 6 जून को अपने सहायक के साथ उनके पटना स्थित घर में सुरक्षा व्यवस्था भेदकर जबरन घुस गए थे।

आकाश यादव ने बताया कि तेजप्रताप यादव उनकी भांजी (अनुष्का की बेटी) उज्जैनी से मिलने के लिए इस घटना को अंजाम देने पहुंचे थे। परिवार के विरोध करने पर उन्होंने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके अलावा लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े व्यक्ति का नाम लेकर फोन पर जान से मारने की धमकी भी मिली।

आकाश ने 10 जून को पाटलिपुत्र थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने पटना सिविल कोर्ट का रुख किया। कोर्ट के निर्देश पर अब पाटलिपुत्र पुलिस स्टेशन में तेजप्रताप यादव और उनके सहायक मोतीलाल यादव के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तेजप्रताप यादव का जवाब

तेजप्रताप यादव ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे अपनी छवि खराब करने और बदले की भावना से की गई साजिश बताया है। तेजप्रताप ने कहा कि वे हमेशा कानून का सम्मान करते हैं और ऐसे झूठे आरोपों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।