अमेरिका ने मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के मद्देनजर अपने दूतावासों और वहां रह रहे नागरिकों के लिए नया सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने क्षेत्र में रहने वाले अमेरिकियों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
अलर्ट में इराक, बहरीन, ओमान, सऊदी अरब, ईरान, कतर, लेबनान, कुवैत और जॉर्डन का विशेष रूप से जिक्र है। विभाग का कहना है कि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति जटिल बनी हुई है और अचानक तनाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है। उड़ानें रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने या यात्रा में अन्य व्यवधान की संभावना से आगाह किया गया है। ईरान समर्थित हूथी समूहों द्वारा सऊदी अरब पर हमलों का हवाला देते हुए चेतावनी दी गई है कि संघर्ष तेजी से फैल सकता है। नागरिकों को उड़ानों और हवाई अड्डों की ताजा जानकारी लगातार देखते रहने की सलाह दी गई है। क्षेत्र से बाहर रहने वाले अमेरिकियों से भी मध्य पूर्व की यात्रा पर गंभीरता से विचार करने को कहा गया है।
इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपना कैंप डेविड दौरा एक दिन पहले समाप्त कर शनिवार शाम व्हाइट हाउस लौट आए। वे मूल रूप से रविवार को वापस आने वाले थे। व्हाइट हाउस ने जल्दी वापसी का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया।
दूसरी ओर, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एक अमेरिकी बी-1बी लांसर बॉम्बर विमान ब्रिटेन के आरएएफ फेयरफोर्ड एयरबेस से मिडिल ईस्ट की ओर रवाना हुआ। ईरानी मीडिया ने सीरिया के कुछ इलाकों में एयर डिफेंस गतिविधियों की भी खबर दी है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।