मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार को एक दुखद हादसा हुआ। मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बहाव वाले बरसाती नाले को पार करते समय श्रद्धालुओं से भरी एक कार पानी में बह गई। इस घटना में कार में सवार आठ लोगों की मौत हो गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है।
सूत्रों के अनुसार, ये श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए नलखेड़ा आए थे। बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। कार जब नाले को पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी तेज धारा में फंसकर पानी में बह गई। घटना देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम ने नाले में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक कार में सवार सभी आठ लोगों की जान चली गई है।
बचाव दल प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कार तथा उसमें सवार लोगों को ढूंढने का काम कर रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए हैं। प्रशासन मृतकों के शव निकालने के साथ उनकी पहचान की प्रक्रिया में जुटा है। घटना की परिस्थितियों और कार के नाले में बह जाने की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।