RSS शताब्दी वर्ष का महाआयोजन: भोपाल में जुटेंगे 30 हजार स्वयंसेवक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष की गतिविधियों के तहत रविवार को शहर के लाल परेड ग्राउंड पर बड़ा स्वयंसेवक एकत्रीकरण हो रहा है। भोपाल विभाग से जुड़े 5 संगठनात्मक जिलों- भोपाल, प्रताप, भोजपुर, तात्या टोपे और विद्युत नगर से लगभग 30 हजार गणवेशधारी स्वयंसेवक इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।

संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्य अतिथि के तौर पर एम्स भोपाल के निदेशक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम का मकसद विभाग में नियमित रूप से चल रही शाखाओं के व्यापक रूप को समाज के सामने रखना है। साथ ही संघ के सामाजिक कार्यों और आगे के संकल्पों का संदेश भी स्वयंसेवकों की भागीदारी से पहुंचाया जाएगा। इस दौरान स्वयंसेवक सामूहिक परेड, शारीरिक व्यायाम, दंड अभ्यास और योग का प्रदर्शन करेंगे। संघ गीत तथा घोष वादन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।

शताब्दी वर्ष की शुरुआत विजयादशमी 2025 से हुई थी। पूरे वर्ष गृह संपर्क, हिंदू सम्मेलन और प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम चल रहे हैं। इनमें सामाजिक समरसता, परिवार जागरण, पर्यावरण संरक्षण, आत्मबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे पांच परिवर्तनों पर विशेष बल दिया जा रहा है।

दत्तात्रेय होसबाले दिनभर विभिन्न बैठकों में व्यस्त रहेंगे। सुबह अरेरा कॉलोनी के समाज सेवा न्यास में श्रेणी मिलन, संघ विकास मंडली और केंद्रीय संस्थानों के छात्रों-अध्यापकों से मुलाकात का सिलसिला चलेगा। शाम करीब साढ़े चार बजे लाल परेड ग्राउंड पर मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद साढ़े छह बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में चुने हुए 50 विशिष्ट अतिथियों के साथ बैठक और रात्रिभोज रखा गया है।

कार्यक्रम के कारण शहर के कुछ इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है। संगम टॉकीज, भारत टॉकीज, लिली तिराहा, जिन्सी चौराहा, एमपी नगर, रोशनपुरा और मछलीघर क्षेत्रों में यातायात डायवर्जन किया जा सकता है।