ठाणे: बदलापुर एक्सप्रेसवे पर BMW की भयंकर दुर्घटना, 2 युवकों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बदलापुर के निकट मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार BMW कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात हुई इस दुर्घटना में मृतकों की पहचान योगेश नेगी (26) और रेबेका जैकब (24) के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के बांद्रा इलाके में रहते थे। कार चला रहे अंगद का फिलहाल कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि BMW पूरी तरह से पिचक गई और उसका इंजन करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। कार डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच फंसकर रुक गई। पुलिस को संदेह है कि तेज गति में स्टंट करने और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण यह हादसा हुआ।

जन्मदिन पार्टी के बाद हादसा

पुलिस जांच में पता चला कि योगेश नेगी का जन्मदिन था। शनिवार शाम को अंगद, योगेश और रेबेका बदलापुर (पश्चिम) में पार्टी कर रहे थे। पुलिस को घटनास्थल से 9,000 रुपये का एक बिल भी मिला है। पार्टी के बाद तीनों एक्सप्रेसवे की ओर निकले।

दुर्घटना से कुछ देर पहले योगेश नेगी के सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें कार को 251 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाते हुए दिखाया गया था। पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है।

एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर कंक्रीट बैरिकेड लगे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार में बैरिकेड से बचने की कोशिश में ड्राइवर का वाहन कंट्रोल से बाहर हो गया, जिससे यह टक्कर हुई।

चश्मदीद का बयान

एक स्थानीय चश्मदीद ने बताया, “शनिवार देर रात 2 से 3 बजे के बीच मैं टहल रहा था। कार दो बार बहुत तेज गति से मेरे पास से गुजरी। तीसरी बार में जोरदार टक्कर की आवाज आई। मौके पर पहुंचने पर गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी। एक युवती काफी दूर फेंकी गई थी और एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई थी।”