शेयर बाजार तेजी के साथ खुला, सेंसेक्स 200 अंक चढ़ा

घरेलू शेयर बाजार बुधवार को सकारात्मक नोट पर खुला। वैश्विक संकेतों में सुधार और घरेलू स्तर पर खरीदारी के जोर से बाजार में शुरुआती तेजी दर्ज की गई।

सुबह कारोबार शुरू होते ही आईटी और फार्मा शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 200.34 अंक की बढ़त के साथ 76,401.02 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 38.65 अंक ऊपर चढ़कर 23,862.75 पर कारोबार कर रहा था।

सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी में करीब 1 प्रतिशत की मजबूती रही। निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई। वहीं निफ्टी मेटल, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी ऑटो इंडेक्स लाल निशान पर थे।

वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने तथा बातचीत की संभावना बनने से एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखा गया, जिसने भारतीय बाजार को भी सपोर्ट किया।