MP में भारी बारिश का अलर्ट: भोपाल-इंदौर समेत 50 जिलों में पानी, आज 5 जिलों में तेज बारिश

मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के बड़े हिस्से में आज और आने वाले दिनों में बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों सहित कुल 50 जिलों में मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की है।

आज भारी बारिश की संभावना

मानसून पहले ही पहुंच चुके कुछ जिलों में आज मूसलाधार बारिश हो सकती है। बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में 4 इंच तक पानी गिरने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं, वज्रपात और आंधी का भी खतरा है।

अन्य जिलों में कैसा रहेगा मौसम

शेष जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। प्रभावित जिलों में भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, देवास, नर्मदापुरम, हरदा, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, सागर, रीवा, सतना आदि शामिल हैं। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 2 जुलाई से एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होने वाला है, जिसके चलते अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।

कल बारिश कहां-कहां हुई

सोमवार को राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। खरगोन, खंडवा, सीहोर, इंदौर, गुना, बालाघाट और जबलपुर जैसे जिलों में बारिश से गर्मी कम हुई। बालाघाट में सबसे ज्यादा डेढ़ इंच से अधिक पानी गिरा, जबकि शिवपुरी और जबलपुर में भी अच्छी बारिश हुई।