भोपाल: सड़क पर दाल-बाटी बनाते किसान, Gen-Z साथ, आज CM हाउस घेराव की तैयारी

मूंग की फसल को पूरी तरह MSP पर खरीदने और खाद की ई-टोकन प्रणाली खत्म करने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश के हजारों किसान राजधानी भोपाल पहुंच गए हैं। नर्मदापुरम, हरदा और आसपास के जिलों से आए किसानों ने होशंगाबाद रोड पर धरना देते हुए सड़क किनारे ही चूल्हा जलाकर दाल-बाटी तैयार की और रात गुजारी। यह तस्वीर उनकी एकजुटता और संकल्प को दिखा रही है।

किसानों का कहना है कि इस बार मूंग का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है, लेकिन सरकार सीमित खरीद कर रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि पूरी फसल ₹8768 प्रति क्विंटल के MSP दर पर खरीदी जाए। साथ ही खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था को बंद किया जाए।

सद्बुद्धि यज्ञ और Gen-Z की सक्रिय भूमिका

आंदोलन के दौरान किसानों ने सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन कर सरकार से सही फैसले की अपील की। इस बार प्रदर्शन में युवा किसानों (Gen-Z) की खासी भागीदारी देखने को मिल रही है। युवा पोस्टर और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे हैं तथा बुजुर्ग किसानों का साथ दे रहे हैं। कई युवा पैदल मार्च करते हुए भोपाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी उनके भविष्य का सवाल है, इसलिए अब चुप रहना संभव नहीं।

आज मुख्यमंत्री आवास का घेराव संभव

किसान संगठनों ने आज मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास की ओर मार्च निकालकर घेराव करने की योजना बनाई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन किसान अड़े हुए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि मांगें पूरी होने तक यहां से नहीं हटेंगे। उनके पास एक सप्ताह का राशन और पानी है।

प्रशासन की ओर से उच्च स्तरीय बातचीत चल रही है, लेकिन किसान किसी भी आश्वासन पर लौटने को तैयार नहीं दिख रहे। इस आंदोलन से राज्य की राजनीति में हलचल मची हुई है।