एयर इंडिया की फ्लाइट में तेज टर्बुलेंस, 12 घायल

थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार को तेज हवा के झटकों में फंस गई। इस घटना में करीब 12 यात्री और क्रू सदस्यों को चोटें आईं। विमान दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ।

फ्लाइट नंबर AI 2379 में लगभग 134 यात्री सवार थे। एयरबस ए-320 विमान सुबह फुकेट से रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान क्रूज फेज में अचानक तेज टर्बुलेंस आया, जिससे विमान की ऊंचाई में अल्पकालिक बदलाव दर्ज किया गया। पायलट की जानकारी के अनुसार विमान करीब 300 फीट नीचे गिरा।

एक यात्री ने बताया कि उड़ान शुरू हुए करीब डेढ़ घंटे बाद सुबह के समय वे आराम कर रहे थे। अचानक विमान जोर से हिला और घूमने लगा। उन्होंने कहा कि यह स्थिति करीब दो-तीन मिनट तक बनी रही। कई यात्री सीट से उछल गए और घायल हो गए। कुछ लोगों के पैर और कंधे में चोटें आईं।

एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि विमान में संक्षिप्त टर्बुलेंस की घटना हुई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि विमान दिल्ली में सुरक्षित लैंड हुआ और सभी यात्री तथा क्रू सदस्य सुरक्षित उतरे। गंभीर चोट की कोई रिपोर्ट नहीं है। मामूली चोट वाले करीब 10 यात्री और दो क्रू सदस्यों को हवाई अड्डे की मेडिकल सुविधा में जांच के लिए ले जाया गया। बाद में कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती भी कराया गया।

हवाई अड्डे पर लैंडिंग के समय मेडिकल टीमें पहले से तैयार थीं। एयरलाइन ने घायलों को पूरी सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित अधिकारियों के साथ जांच में सहयोग करने का आश्वासन दिया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कंपनी ने कहा कि घटना की समीक्षा चल रही है।