ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में शनिवार को एक पर्यटक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत चार लोगों की मौत हो गई। मारे गए तीनों यात्री कोलंबियाई परिवार की महिलाएं थीं।
ये महिलाएं तिजुका नेशनल पार्क के ऊपर दर्शनीय उड़ान पर थीं। पार्क घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा इलाका है, जो पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है। मृतक महिलाएं एक ही परिवार की सदस्य थीं। वे एक लड़की का 15वां जन्मदिन मनाने रियो आई थीं। हादसे में लड़की की दादी, मौसी और चचेरी बहन की जान चली गई।
परिवार दो हिस्सों में बंटकर उड़ान भर रहा था, क्योंकि हेलीकॉप्टर में एक समय में सिर्फ तीन यात्री बैठ सकते थे। दुर्घटना तिजुका नेशनल पार्क के अंदर चिनेजा पर्यटन स्थल के पास हुई।
रियो डी जेनेरियो के मेयर एडुआर्डो कैवेलिएरी ने इस घटना के बाद पर्यटक हेलीकॉप्टर उड़ानों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर उड़ानों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए निगरानी और सुरक्षा जांच को कड़ा करना जरूरी है। मेयर ने नई सुरक्षा व्यवस्था लागू होने तक एक-दो हफ्ते के लिए पर्यटन हेलीकॉप्टर उड़ानें अस्थायी रूप से रोकने का सुझाव भी दिया।