दुनिया के सबसे चर्चित फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी लंबे समय की पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिग्ज से विवाह कर लिया है। दोनों ने 11 अगस्त 2026 को पुर्तगाल के कैस्केस शहर में एक बेहद निजी सिविल समारोह में एक-दूसरे से शादी की।
इस मौके पर परिवार के करीबी सदस्यों के साथ उनके पांच बच्चों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह को पूरी तरह गोपनीय रखा गया। रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर दोनों के हाथों की एक तस्वीर साझा की, जिसमें शादी की अंगूठियां साफ दिख रही थीं।
कैसे शुरू हुई कहानी
2016 में मैड्रिड के एक गुच्ची स्टोर में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। उस समय जॉर्जिना वहां सेल्स असिस्टेंट थीं और रोनाल्डो रियल मैड्रिड के स्टार प्लेयर थे। करीब एक दशक तक साथ रहने के बाद पिछले साल 11 अगस्त 2025 को दोनों ने सगाई की घोषणा की थी। जॉर्जिना ने तब एक बड़ी डायमंड रिंग की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था कि वे इस और हर जन्म में हां कहती हैं।
दिलचस्प बात यह है कि शादी ठीक सगाई की पहली सालगिरह पर हुई। इससे कुछ दिन पहले मदीरा में शादी की अफवाहें जोरों पर थीं, लेकिन असल समारोह चुपके से कैस्केस में संपन्न हुआ।