एनालॉग पनीर बैन के बाद भोपाल में रातभर छापे: 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाने के फैसले के बाद राजधानी में खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया। बुधवार की रात विभिन्न डेयरियों पर की गई छापेमारी में करीब 275 किलो संदिग्ध पनीर बरामद किया गया। जब्त स्टॉक के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर पड़ोसी राज्यों के बाद मध्य प्रदेश में भी एनालॉग पनीर के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर रोक लगा दी गई। इसके तुरंत बाद पूरे प्रदेश में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमें मैदान में उतर आईं। देर रात तक चली कार्रवाई में पनीर, मावा और घी समेत लगभग 8,135 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई। भोपाल में कई दुकानों पर कार्रवाई की खबर फैलते ही स्टॉक गायब होने की घटनाएं भी सामने आईं।

शहर की जैन डेयरी पर निरीक्षण के दौरान पनीर की गुणवत्ता और रूप-रंग को लेकर संदेह जताया गया। वहां से 116 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 34,800 रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों ने मौके पर नमूना भी एकत्र किया।

विभाग का कहना है कि एनालॉग उत्पादों को असली पनीर के नाम पर बेचना नियमों का उल्लंघन है। लैब जांच में अगर मिलावट या अवैध उत्पाद की पुष्टि हुई तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ जुर्माना या लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई हो सकती है।