MP में मानसून की फिर एंट्री: 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट 

मध्य प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो उठा है। बंगाल की खाड़ी से जुड़े मौसमी सिस्टम के कारण प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में आज से तेज बारिश की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग ने जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के 12 जिलों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में अगले 24 घंटों में चार इंच या उससे अधिक पानी गिर सकता है, इनमें सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका है।

भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, ग्वालियर समेत कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हाल में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल चुका है और इसका असर मध्य प्रदेश पर साफ दिखाई दे रहा है। इससे अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

खरगोन में साटक जलाशय भरा और ओवरफ्लो

खरगोन जिले में पिछले कुछ दिनों की अच्छी बारिश के कारण साटक जलाशय पूरी तरह भर गया है और ओवरफ्लो हो रहा है। करीब 18.38 मिलियन क्यूबिक मीटर क्षमता वाले इस जलाशय का पानी स्पिलवे से बाहर निकल रहा है। जुलाई के अंत तक यह जलाशय काफी खाली था, लेकिन हाल की बारिश ने इसे लबालब कर दिया।