मध्य प्रदेश के इंटर्न डॉक्टरों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। तीन दिन तक चले उनके आंदोलन के बाद राज्य सरकार ने स्टाइपेंड बढ़ाने का फैसला लिया है। अब इन्हें हर महीने 21,500 रुपये मिलेंगे, जो पहले दिए जा रहे 14,337 रुपये से करीब 50 फीसदी ज्यादा है।
उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से हुई मुलाकात में डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत के बाद यह सहमति बनी। डॉक्टर शुरू में 30 हजार रुपये स्टाइपेंड की मांग कर रहे थे, लेकिन आखिरकार 21,500 रुपये पर दोनों पक्ष राजी हो गए। इससे पहले सरकार ने 18,500 रुपये का प्रस्ताव रखा था, जिसे डॉक्टरों ने पर्याप्त नहीं माना था।
आंदोलन के दौरान भोपाल में प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन और लाठीचार्ज की घटना भी हुई थी। इस मामले में प्रशासन ने दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरी घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है। फैसले के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है और वे अस्पतालों में ड्यूटी पर लौट आए हैं।