भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ खुला, ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में दबाव

गुरुवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार लगभग सपाट स्तर पर खुला। सेंसेक्स 36 अंक की गिरावट के साथ 74,727.96 पर और निफ्टी 8.25 अंक नीचे 23,430.00 पर कारोबार कर रहा था।

शुरुआती कारोबार में ऑटो और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों पर दबाव साफ नजर आ रहा था। निफ्टी ऑटो और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स टॉप लूजर्स में शामिल थे। इसके अलावा निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी फार्मा, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी इंफ्रा और निफ्टी मेटल भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

वहीं निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी एफएमसीजी हरे निशान में थे। मिडकैप और स्मॉलकैप में मिला-जुला रुझान दिख रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 114 अंक की कमजोरी के साथ 62,479 पर था, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 18 अंक की मामूली बढ़त के साथ 20,055 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक बाजारों में भी कमजोरी का माहौल था। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सोल और जकार्ता के बाजार लाल निशान में थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसमें डॉव जोन्स 0.77 प्रतिशत और नैस्डैक 0.64 प्रतिशत नीचे रहा।