मध्य प्रदेश में मानसून फिर बदला, 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

तीन दिन की रुकावट के बाद मध्य प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी और मध्य भाग के 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। ये जिले मुख्य रूप से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग से जुड़े हैं। शनिवार से इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है।

शुक्रवार के अलर्ट वाले जिले

सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर, शहडोल, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम मिला-जुला रहेगा। कुछ जगहों पर धूप खिलेगी तो कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर समेत कई जिले शामिल हैं।

क्यों सक्रिय हुआ सिस्टम

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ इस बदलाव की मुख्य वजह हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवाती हवाओं की गतिविधि भी चल रही है। पिछले तीन दिनों में भारी बारिश न होने से तापमान और उमस बढ़ गई थी। गुरुवार को कई शहरों में तेज धूप रही, जबकि रात में भोपाल और विदिशा में अच्छी बारिश हुई।