उत्तर-पश्चिमी नेपाल में बुधवार तड़के दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। तीन घंटे के अंदर आए इन झटकों से स्थानीय निवासियों में घबराहट फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप मापन तथा अनुसंधान केंद्र के अनुसार पहला भूकंप रात 1.51 पर आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र मुगु जिले के कलाई क्षेत्र के आसपास था।
इसके लगभग 2.5 घंटे बाद सुबह 4:28 पर दूसरा झटका लगा। इस भूकंप की तीव्रता 4.2 रही और इसका केंद्र भी मुगु जिले के आसपास ही रहा। दोनों झटके पड़ोसी जिलों डोल्पा और जुमला के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए।
नेपाल भूकंप के प्रति संवेदनशील क्षेत्र में आता है और यहां अक्सर छोटे-मोटे झटके महसूस होते रहते हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए रखी है। संभावित आफ्टरशॉक और किसी भी ढांचागत नुकसान की जानकारी जुटाने का काम जारी है। अभी तक दोनों भूकंपों से बड़े नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है।