भोपाल में ई-बस सेवा: बैरागढ़-मंडीदीप नया रूट शुरू, कुल 40 हुईं बसें 

राजधानी में इलेक्ट्रिक बस सेवा को और व्यापक बनाने के लिए शुक्रवार से चौथा रूट शुरू कर दिया गया है। बैरागढ़ स्थित ई-बस डिपो से मंडीदीप (HEG) तक का नया मार्ग (रूट बी-38) अब संचालित हो रहा है। इस रूट पर 10 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारी गई हैं, जिससे शहर में चल रही ई-बसों की कुल संख्या 40 पहुंच गई है। 21 सितंबर से पांच अतिरिक्त बसें भी जोड़ने की योजना है।

भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) ने यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उठाया। इससे पहले तीन रूटों पर 30 बसें चल रही थीं। नए रूट के शुरू होने से होशंगाबाद रोड क्षेत्र की सैकड़ों कॉलोनियों को सीधा कनेक्शन मिल गया है। इससे स्थानीय निवासियों, छात्रों और कामकाजी लोगों को एमपी नगर, रानी कमलापति स्टेशन, न्यू मार्केट तथा बैरागढ़ जैसी जगहों तक आसानी से पहुंचने में सुविधा होगी।

नए रूट की खास बातें

यह रूट लगभग 33.6 किलोमीटर लंबा है। बसें बैरागढ़ डिपो से निकलकर बोर्ड ऑफिस चौराहा और मेट्रो स्टेशन होते हुए एचईजी मंडीदीप पहुंचती हैं। रास्ते में प्रमुख स्टॉपेज में बैरागढ़ मार्केट, लालघाटी, कलेक्ट्रेट, नादरा बस स्टैंड, भोपाल रेलवे स्टेशन, जहांगीराबाद, पीएचक्यू, बिड़ला मंदिर, वल्लभ भवन, डीबी मॉल, आईएसबीटी, रानी कमलापति स्टेशन, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, बागसेवनिया, आशिमा मॉल, मिसरोद, 11 मील, इंडस टाउन और चिनार ड्रीम सिटी शामिल हैं।

सेवा सुबह 6:30 बजे से रात नौ बजे तक उपलब्ध रहेगी। अधिकारियों के अनुसार नए मार्ग पर कुल 15 बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे रोजाना हजारों यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

मौजूदा रूट और किराया व्यवस्था

शहर में अब चार रूट सक्रिय हैं:

  • बी-35: बैरागढ़-सलैया
  • बी-36: कोच फैक्ट्री-कोलार रोड
  • बी-37: बैरागढ़-आईएसबीटी
  • बी-38: बैरागढ़-मंडीदीप