अफगानिस्तान के कुनार में विस्फोट से मची तबाही, 7 छात्रों की मौत, स्कूल की इमारत क्षतिग्रस्त

पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत की राजधानी असदाबाद के अंदर सेर इलाके में शनिवार सुबह करीब दस बजे एक मिडिल स्कूल के बगल में जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे में सात छात्र मारे गए और लगभग 97 से 99 लोग घायल हो गए।

तालिबान गृहमंत्रालय और स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, धमाका स्कूल के ठीक पास बने एक गोदाम या मकान में हुआ। वहां खनन कंपनियों के लिए रखे गए विस्फोटक पदार्थ फट गए। प्रारंभिक जांच में इसे लापरवाही से भंडारण का नतीजा बताया जा रहा है। ये विस्फोटक खनन काम और आसपास के पहाड़ों से चट्टानें हटाने के लिए जमा किए गए थे।

धमाके से स्कूल की इमारत और आसपास के कुछ मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इमारत का एक हिस्सा ढह भी गया। घायलों को तुरंत असदाबाद के प्रांतीय अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायल अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी का इलाज के बाद छुट्टी कर दिया गया।

कुनार पुलिस और प्रांतीय प्रशासन ने मौके पर जांच टीम भेजी है। अधिकारी पूरी घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं और आगे की जानकारी बाद में देंगे। कुनार प्रांत पाकिस्तान की सीमा से लगा है और यहां खनन गतिविधियां काफी आम हैं।