कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से 48 घंटे के भीतर पद छोड़ने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि अगर यह मांग पूरी नहीं हुई तो पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए जाएंगे।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजधानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह ऐलान किया। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को “देश का सबसे बड़ा गद्दार” और “देशद्रोही” करार दिया। उनका आरोप है कि स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूचियों से 13 करोड़ से ज्यादा नाम हटाए गए हैं, जिससे लाखों नागरिकों का वोटिंग अधिकार प्रभावित हुआ है।
दीपके ने साफ कहा कि अगर तय समयसीमा में इस्तीफा नहीं आता तो पार्टी दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में आंदोलन करेगी। उन्होंने इसे ‘जंतर-मंतर 2.0’ की तरह बड़े स्तर पर चलाने की बात कही और कहा कि इस्तीफा मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे।
CJP की अन्य प्रमुख मांगें:
- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू की जाए।
- एसआईआर प्रक्रिया को रद्द कर जनवरी 2025 की पुरानी मतदाता सूची बहाल की जाए।
- आगामी चुनावों को फिलहाल रोक दिया जाए।
- एसआईआर से जुड़े दस्तावेज सुप्रीम कोर्ट की निगरानी वाली समिति को सौंपे जाएं।
यह मांग इंडियन एक्सप्रेस की हालिया रिपोर्ट के बाद आई है। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयोग के दो अन्य सदस्यों ने पिछले करीब 10 महीनों में एसआईआर और मतदाता सूची संबंधी कई फैसलों पर आपत्ति जताई थी। चुनाव आयोग ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि सभी महत्वपूर्ण फैसले सर्वसम्मति से लिए गए और आंतरिक मतभेद सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं।