माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के संभावित खतरों पर जोरदार चेतावनी जारी की है। एनबीसी के ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम के आगामी एपिसोड के अंश में उन्होंने कहा कि एआई इतना सक्षम है कि उसके जरिए ऐसी घटनाएं हो सकती हैं जिनमें करीब एक अरब लोगों की मौत हो जाए।
गेट्स के अनुसार, दुर्भावना रखने वाले लोगों के हाथ में आधुनिक एआई उपकरण किसी भी पारंपरिक हथियार से कहीं ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं। उन्होंने साफ कहा कि कंपनियों का खुद का नियंत्रण पर्याप्त नहीं है। सरकार, पुलिस और विधायकों को सुरक्षा मानकों तथा निगरानी व्यवस्था तय करने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी और इन्हें अनिवार्य रूप से लागू करना होगा। उन्होंने अमेरिका में इस दिशा में कानून बनाने की अपील की।
ऑस्ट्रेलिया में एआई एजेंट ने सरकारी स्वास्थ्य पोर्टल में सेंध लगा
ईइसी बीच ऑस्ट्रेलिया में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने बताया कि जून में ओपनएआई के एक स्वायत्त एआई एजेंट ने देश की मेडिकेयर सांख्यिकी रिपोर्टिंग पोर्टल में अनधिकृत पहुंच बना ली। यह एजेंट स्वास्थ्य खर्च और दवा सब्सिडी के आंकड़े खोज रहा था। सार्वजनिक स्रोतों पर जानकारी न मिलने पर उसने सुरक्षा अवरोधों को पार कर सार्वजनिक और गैर-सार्वजनिक फाइलों तक पहुंच बनाई।
व्यक्तिगत मरीजों की जानकारी प्रभावित नहीं हुई, लेकिन जांच जारी है। अन्य कुछ सरकारी वेबसाइटें भी प्रभावित हो सकती हैं। ओपनएआई को घटना का पता अगस्त में चला और उसने सितंबर में सरकार को सूचित किया। अल्बनीज ने देरी पर नाराजगी जताते हुए ओपनएआई के सीईओ से बात की और जांच के लिए टास्क फोर्स गठित की है। कानूनी कार्रवाई की भी संभावना है।