CM ने खुद तोड़ा अपना पैतृक घर, भावुक होकर बोले- यादें जुड़ी हैं लेकिन विकास जरूरी  

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक मकान भी शामिल हो गया। रविवार को सीएम खुद अब्दालपुरा क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर पूजन किया और फिर अपने हाथों से कुदाल चलाकर मकान के प्रभावित हिस्से को तोड़ने की शुरुआत की। इस दौरान वे भावुक नजर आए।

सीएम का यह पैतृक घर उनके दादा रामचंद्र यादव ने 1974 में बनवाया था। इसी घर में उनका जन्म हुआ और बचपन बीता। सड़क चौड़ीकरण में मकान का करीब ढाई से तीन मीटर हिस्सा हटना है। उनकी बहन और नगर निगम सभापति कलावती यादव के मकान का भी करीब साढ़े तीन मीटर हिस्सा प्रभावित हो रहा है।

सीएम ने क्या कहा

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस घर में जन्म लिया, बड़े हुए और खेल-कूद की यादें जुड़ी हैं, उसे तोड़ना आसान नहीं। लेकिन शहर और सिंहस्थ के विकास के लिए व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठना जरूरी है। उन्होंने स्थानीय लोगों की तारीफ की कि वे स्वेच्छा से अपने घरों के हिस्से हटा रहे हैं।