3 अक्टूबर तक खत्म हो जाएगा बारिश का दौर: आज इन 19 जिलों में बूंदाबांदी का अलर्ट

मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी प्रक्रिया इसी सप्ताह शुरू होने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार सबसे पहले उज्जैन और ग्वालियर संभाग के क्षेत्रों से मानसून पीछे हटेगा। इसके बाद क्रमशः इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग से भी इसकी विदाई होनी है।

वापसी से पहले अगले तीन दिनों तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। बुधवार को प्रदेश के 19 जिलों में बूंदाबांदी, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में बूंदाबांदी की चेतावनी

बैतूल, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और पन्ना में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इन जगहों पर कहीं-कहीं तेज हवाएं और बिजली चमकने की स्थिति भी बन सकती है।

अन्य क्षेत्रों में धूप का बोलबाला

प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में धूप खिलने के आसार हैं। मंगलवार को राजधानी भोपाल में भी धूप निकली रही।

बारिश का दौर जल्दी खत्म होने के संकेत

1 और 2 अक्टूबर को कुछ चुनिंदा जिलों में ही हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 3 अक्टूबर से प्रदेश भर में बारिश की गतिविधियां लगभग समाप्त हो जाने की संभावना है।

मौसम केंद्र के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फिलहाल राजस्थान और पंजाब के कई हिस्सों से गुजर रही है तथा मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र तक पहुंच चुकी है। इसी कारण विदाई की शुरुआत उज्जैन-ग्वालियर संभाग से होने की उम्मीद है।