इंदौर: छावनी चौराहे पर बुलडोजर चला, पुरानी बिल्डिंग के बाधक हिस्से ध्वस्त

शुक्रवार सुबह नगर निगम ने छावनी इलाके में मास्टर प्लान के अंतर्गत सड़क चौड़ीकरण के लिए लंबित बाधाएं हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू की। छावनी चौराहे पर मथुरावाला प्रतिष्ठान की इमारत के हिस्से समेत आसपास के कई मकानों और दुकानों के बढ़े हुए हिस्सों को मशीनों से ध्वस्त किया गया।

निगम की टीम तीन पोकलेन मशीनों और दो जेसीबी के साथ सुबह ही मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान मथुरावाला बिल्डिंग (पांच मंजिला पुरानी इमारत) के सड़क में बाधक हिस्सों को प्राथमिकता से हटाया गया। अन्य मकानों के छज्जे और अतिरिक्त निर्माण भी साफ किए गए।

एडिशनल कमिश्नर प्रखर सिंह ने जानकारी दी कि छावनी रोड पर मास्टर प्लान के अनुसार बाधक निर्माण हटाने का जो काम अधूरा रह गया था, उसे आज पूरा किया जा रहा है। एक मकान का छज्जा और कई अन्य बाधक हिस्से हटा दिए गए हैं।

इस बिल्डिंग के कई हिस्से प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई में आ रहे थे। पहले कोर्ट स्टे के कारण कार्रवाई रुकी हुई थी। निगम कर्मियों ने इमारत में रह रहे छात्रों का सामान सुरक्षित हटाकर तोड़फोड़ शुरू की।