उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज इलाके के बरईपुर रामनगर गांव में पुलिस ने एक घर की जमीन के नीचे छिपाए गए तीन नीले ड्रमों से करीब पांच करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। ड्रमों में पांच सौ रुपये के नोटों की बड़ी संख्या में गड्डियां भरी हुई मिलीं।
बुधवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि गांव के एक निवासी राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर में चोरी की रकम जमीन में दबाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। सर्चिंग शुरू करने से पहले पूरे गांव की बिजली सप्लाई काट दी गई ताकि कोई व्यक्ति फरार न हो सके या सबूत न मिटा सके।
घर के एक कमरे के फर्श की खुदाई के दौरान तीन नीले प्लास्टिक ड्रम निकले। इनमें नोटों की गड्डियां कपड़े से लपेटकर ठूंस दी गई थीं। पुलिस ने नकदी को कब्जे में लेकर सील कर दिया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक बरामद रकम चार से पांच करोड़ रुपये के बीच है। गुरुवार को आयकर विभाग की टीम इसकी विस्तृत गिनती करेगी।
मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें राकेश यादव के भाई भी शामिल हैं। पूछताछ जारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह परिवार लॉकडाउन के दौरान पुणे से गांव लौटा था। वहां राकेश यादव सर्राफा कारोबार से जुड़े थे। गांव आकर उन्होंने जमीन खरीदी और मकान बनवाया। पुलिस को शक है कि बरामद नकदी किसी चोरी की घटना से जुड़ी हो सकती है। जांच आगे बढ़ाई जा रही है।