भोपाल में पहली बार सेना दिवस परेड, संकल्प वृक्ष से हुई तैयारी की शुरुआत

मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के मौके पर रविवार को राजधानी के शौर्य स्मारक परिसर में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सुदर्शन चक्र कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान ने मिलकर ‘संकल्प वृक्ष’ का रोपण किया। इस पौधे में प्रदेश के सभी 55 जिलों से लाई गई मिट्टी का इस्तेमाल किया गया।

‘मेरी माटी’ अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स ने अपने-अपने जिलों से मिट्टी इकट्ठा कर कलशों में भोपाल पहुंचाई थी। इस मिट्टी को संकल्प वृक्ष में मिलाया गया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश की एकता और सामूहिक भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषाएं, क्षेत्र और जिले होने के बावजूद हम भारतीय के रूप में एक हैं। अनेकता में एकता ही हमारी पहचान है।

15 जनवरी को भोपाल में पहली बार सेना दिवस

अगले साल 15 जनवरी 2027 को भोपाल में 79वां सेना दिवस मनाया जाएगा। पहली बार राजधानी में सेना दिवस की मुख्य परेड का आयोजन होगा। इस दौरान सेना की परेड के साथ टैंक, आधुनिक सैन्य उपकरण, युद्ध कौशल और कॉम्बैट ड्रिल का प्रदर्शन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 1 नवंबर से 15 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा और इसकी शुरुआत सेना के शौर्य से होगी। यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया और परिसर में लगी सैन्य प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।