मध्य प्रदेश आज 1 नवंबर 2026 को अपना 71वां स्थापना दिवस मना रहा है। राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस बार उत्सव की थीम ‘विरासत से विकास’ रखी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम करीब 6:30 बजे मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रखा गया है।
मोनाली ठाकुर की खास प्रस्तुति
पहली शाम का सबसे बड़ा आकर्षण राष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड विजेता गायिका मोनाली ठाकुर होंगी। वे अपने साथी कलाकारों के साथ सुगम संगीत पेश करेंगी। मोनाली ‘मोह मोह के धागे’ और ‘सवार लूं’ जैसे लोकप्रिय गीतों के लिए जानी जाती हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 71 बच्चों द्वारा सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन से होगी। इसके बाद पुलिस बैंड राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा और शाम को आतिशबाजी भी होगी। अंतिम दिन 3 नवंबर को लोक गायक मामे खान की प्रस्तुति के साथ उत्सव का समापन होगा।
किसानों और छात्रों को मिलेगा सम्मान
‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज’ में भाग लेने वाले 165 किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। करीब 40 हजार किसानों ने इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे। इसके अलावा 102 मेधावी छात्रों को एक-एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
और क्या-क्या होगा खास
तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक-जनजातीय नृत्य, कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और स्थानीय व्यंजनों का मेला लगेगा। प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और विकास यात्रा को इस उत्सव के जरिए लोगों के सामने रखा जाएगा।