जेल में बंद छात्र की मौत पर भोपाल में बवाल, भोपाल-होशंगाबाद रोड पर चक्काजाम 

भोपाल सेंट्रल जेल में बंद रहे 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की मौत के बाद उनके परिजनों ने शनिवार दोपहर होशंगाबाद रोड पर चक्काजाम कर दिया। बागसेवनिया थाने के सामने सड़क पर बैठकर उन्होंने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया, जिसके बाद नर्मदापुरम रोड पर यातायात सामान्य हो गया। इसके बाद परिजन शव लेकर सुभाष नगर विश्राम गृह की ओर चले गए।

हर्षित राजपूत ईश्वर नगर के रहने वाले और बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र थे। गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वे करीब दो महीने से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद थे। परिवार का आरोप है कि बीमार होने के बावजूद उन्हें समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं दी गई।

परिवार के आरोप

परिजनों का कहना है कि हर्षित निमोनिया और उल्टी-दस्त से पीड़ित थे। परिवार ने कई बार अदालत में आवेदन देकर बेहतर इलाज की मांग की, लेकिन जेल प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। चाचा भरत सिंह राजपूत और सुरेंद्र सिंह के अनुसार, जेल के डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांगते थे और हर्षित शिकायत करने से डरते थे। हालत बिगड़ने पर बुधवार शाम उन्हें हमीदिया अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात उनका निधन हो गया। अस्पताल में वेंटिलेटर पर रहते हुए भी उनके पैरों में बेड़ियां बंधी हुई थीं, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर फैली।

भाई आशीष चौहान ने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने बिना एंबुलेंस के शव सौंप दिया। परिवार का दावा है कि हर्षित का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया था।

शुक्रवार का प्रदर्शन

शुक्रवार को परिजनों ने शव को स्ट्रेचर पर रखकर मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया। पॉलिटेक्निक चौराहे के पास उन्होंने चक्काजाम किया, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। उन्होंने जेलर को निलंबित करने, परिवार को आर्थिक सहायता देने और न्यायिक जांच कराने की मांग की। श्रीराजपूत करणी सेना के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि शनिवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो बागसेवनिया थाने के सामने फिर से सड़क जाम करेंगे।

प्रशासन का जवाब

जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि हर्षित को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। जेल में नियमित इलाज चल रहा था और अदालत को भी इसकी जानकारी दी गई थी। न्यायिक अभिरक्षा में हुई मौत होने के कारण यह कस्टोडियल डेथ का मामला है और इसकी न्यायिक जांच शुरू हो चुकी है।