भोपाल में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

रविवार सुबह करीब नौ बजे बड़वई क्षेत्र के एक कबाड़ गोदाम में आग भड़क उठी। गोदाम में प्लास्टिक और पुट्ठे की बड़ी मात्रा होने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं। धुएं का घना गुबार इतना ऊंचा उठा कि करीब पांच किलोमीटर दूर से भी साफ दिख रहा था।

सूचना मिलते ही गांधीनगर, कबाड़खाना और अन्य फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। तीन दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकलकर्मी पानी के साथ फोम का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। प्लास्टिक और पुट्ठे की मौजूदगी से आग बुझाने में कठिनाई आ रही है।

गोदाम आबादी वाले इलाके से कुछ दूरी पर स्थित है, इसलिए अभी तक किसी के घायल होने या जनहानि की कोई खबर नहीं मिली है। हालांकि, अंदर रखे सामान के जलने से आर्थिक नुकसान काफी होने की आशंका है। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचकर दमकलकर्मियों की मदद भी कर रहे हैं। धुएं की वजह से आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।