मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज हो गया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरा है। कटनी जिले के करौंदी में पिछले 24 घंटों में सबसे कम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दमोह में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 6.2 डिग्री, अमरकंटक में 7.3 डिग्री, रीवा में 8 डिग्री और जबलपुर में 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा खजुराहो-उमरिया, मलाजखंड, नौगांव और मंडला समेत कई स्थानों पर पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। राज्य के करीब 11 शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम और 35 शहरों में 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
चार जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। सोमवार को भी दमोह और कटनी में ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में सर्द हवाएं चलने और सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है।
विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक और गिरावट हो सकती है। इससे अधिकांश शहरों में ठंड और बढ़ने की आशंका है।